Showing newest 11 of 12 posts from April 2008. Show older posts
Showing newest 11 of 12 posts from April 2008. Show older posts

Wednesday, April 30, 2008

बिल्कुल चंदू के चाचा और चाची वाली बात की ही तरह ....(व्यंग्य-बाण)

वैसे तो मैं टीवी देखता नहीं.....अपना प्रोफैशन ही ऐसा है कि फुर्सत ही कहां है...बचा खुचा टाइम लिखने-पढ़ने में निकल जाता है। लेकिन कल ही कुछ घंटे पहले ही उस सैटेलाइट टीवी का रिचार्ज कूपन डलवाया था। दोपहर में खाना खाते वकत उस सैटेलाइट टीवी सर्विस के सर्विस सैंटर से फोन भी आ गया था कि आप का कार्ड खत्म हुया हुया है, क्या दिक्कत है......मैंने तो फोन पर बात ही ना करना चाहता था लेकिन जब श्रीमति जी ने फोन मेरी तरफ़ सरका ही दिया तो मैंने सोचा कि इस दाल-चावल का क्या है....कहां भाग जायेगी.....पहले ज़रा इस की क्लास ले लूं। मैंने उस से कहा कि भई, तुम्हारी यह क्या सर्विस है कि बाज़ार में चार-पांच चक्कर लगाने के बाद भी रिचार्ज कूपन नहीं मिल पाता। और भी जो मैंने अपनी तरफ़ से उसे फीड-बैक देनी थी, दे दी। संक्षेप में कहूं तो कल शाम को आखिर घूम घूम कर रिचार्ज-कूपन मिल ही गया और टीवी चलना शुरू हो गया।

वैसे दूसरे टीवी तो चल ही रहे थे .....हमारे यहां वैसे तो बिजली की सप्लाई अच्छी ही है...बहुत ही कम जाती है..कोई ब्रेक-डाउन ही हो तभी ......लेकिन केबल वाले के यहां जब भी बिजली गुल होती थी, केबल टीवी चलना बंद हो जाता था। इसी परेशानी से बचने के लिये एक टीवी पर सैटेलाइट टीवी वाली डिश की व्यवस्था पिछले साल की थी।
अच्छा तो मैं कह रहा था कि मुझे टीवी देखने से एक तरह की एलर्जी है.....लेकिन शायद नये नये रिचार्ज कूपन के चाव में मैंने अपने बेटे से रिमोट लिया और शायद चार-पांच महीने बाद टीवी देखने का मूड बना लिया था। रात के नौ-साढ़े नौ बज रहे थे। बेटे राघव ने भी बेहद आसानी से रिमोट मेरी तरफ थमा दिया....वह बड़ा सेंसेटिव किस्म का है......शायद वह भी सोच रहा होगा कि बापू वैसे तो टीवी देखता नहीं, पता नहीं आज तो इस की कुछ ज़्यादा ही इच्छा लगती है।

मैं बस ऐसे ही चैनल-सर्फिंग करने लगा.....लेकिन मेरी किस्मत ही खराब थी....इतने लंबे समय बाद टीवी देखने के लिये बैठा और एक अच्छे-खासे हिंदी न्यूज़-चैनल पर अटक गया.....वहां पर जो दिखाया जा रहा था, बताया जा रहा था.......रोचक लगा.....एक उभरते नेता के बारे में बताया जा रहा था कि कैसे उस ने एक छोटी सी चाय की दुकान में जाकर कर चाय की चुस्कीयां लीं....किस तरह वह गांव वालों से घुल-मिल गया....किस तरह से उस ने एक गांव-वाले के कंधे पर हाथ रखा, किस तरह से वह भी गांव वालों के साथ धरने पर बैठ गया, किस तरह से उस ने अपने सुरक्षा घेरे की परवाह ना की....किस तरह से जाते जाते वह उस चाय की दुकान वाले के बच्चे की कापी में धन्यवाद के 12 शब्द हिंदी में लिख कर लौट गया। और, फिर जिस तरह से ये चैनलों वाले विश्लेषण करते हैं....उन हिंदी में लिखे 12 शब्दों का विश्लेषण होने लगा....पहले तो स्पैलिंग चैक किये इन चैनल वालों ने, फिर इन 12 शब्दों वाले धन्यवाद-नोट पर पूरा विश्लेषण हुया कि उस नोट के एक एक शब्द के पीछे क्या उद्देश्य हो सकता है। शायद इतना सब कुछ दो-तीन मिनटों तक चलता तो मैं पचा लेता......क्या करें, अब आदत सी ही हो गई है। लेकिन यह क्या यह कार्यक्रम तो भई लगभग आधे-पौन घंटे से चला ही जा रहा था.......बार-बार वही रिकार्डिंग देख कर मेरा तो सिर भारी हो गया.....मुझे तो मलाल इसी बात हो रहा था कि वहां तो हिंदी के 12 शब्दों की इतनी पूछ है और यहां हम ब्लागिये हैं जिन्हें एक-एक लाख शब्द हिंदी में लिखने पर भी कोई नहीं पूछता......किसी और से क्या गिला-शिकवा....हमारे अपने ही टिपियाने से भी कन्नी कतराते हैं।

ओ..हो....हो गया ना यह सब कुछ .....लेकिन यह क्या... यह तो कोई तगड़ी पब्लिक-रिलेशन एक्सर-साइज़ चलती लग रही थी....किसी झोंपड़े में जाने से पहले उस युवा-नेता को बूट खोलते हुये भी बार-बार दिखाया जा रहा था....( जैसा कि मैं और आप ही क्या, हमारे देश का जन-मानस करता है!) ..और साथ में किसी निर्धन के बच्चे को कंधे पर उठाये हुये भी बार बार दिखाया जा रहा था......और बैकग्राउंड में चैनल वालों ने वह गीत भी तो चला रखा था......धरती सुनहरी अंबर नीला.....हर मौसम रंगीला.......ऐसा देश है मेरा...........( वीर-ज़ारा फिल्म से )। मैं सब कुछ ठीक से समझ रहा था लेकिन अब मेरी तबीयत जवाब दे रही थी और जैसे ही उस चुस्त-सी एंकर ने कहा कि बाकी देखते हैं ...थोड़े से ब्रेक के बाद.......बस उस का इतना कहना था कि मैंने भी रिमोट पर स्टॉप बटन दबा कर टीवी किया बंद और खाट पकड़ पर मच्छरों से जूझने की तरकीब लड़ाने में मसरूफ हो गया।

लेकिन मुझे तब ध्यान आया कि जब इस नेता ने कुछ दिन ही पहले किसी आदिवासी महिला के झोंपड़े में जाकर दाल-रोटी-चटनी खाई थी तो भी चैनल वालों को अपनी टीआरपी बढ़ाने का बढ़िया मसाला मिल गया था। लेकिन यह उस दिन की चटनी वाली बात और आज की ये क्लिपिंग्ज़ जो पता नहीं मैं कितनी बार ही आधे-पौन घंटे में देख चुका था.......ये सब देख कर रह रह मुझे अपनी पांचवी कक्षा के वे दिन याद आने लगे जब हम दोस्त आपस में वह वाली गेम खेला करते थे जिस में हमें ये टंग-ट्विस्टर तेज़ी तेज़ी से बिल्कुल रूके बिना बोलने होते थे.......चंदू के चाचा ने चंदू की चाची को चांद की चांदनी में चांदी के चम्मच से चटनी चटाई.............मुझे भी कल वह हिंदी न्यूज़-चैनल बार बार वह क्लिपिंग दिखाता हुया ऐसा ही लग रहा था जैसे कि कोई यही कहे जा रहा है....चंदू के चाचा ने चंदू की चाची को..........। खैर, जो भी हो, कल का यह प्रोग्राम देख कर मेरे मन में उस चैनल के बारे में एक पक्का इंप्रेशन बन गया है........नो, नो, वह मैं आप से शेयर नहीं करना चाहूंगा। क मच्छरों से मुकाबला करते करते कब नींद हावी हो गई पता ही नहीं चला।

Monday, April 28, 2008

मेरी अस्थियों की वसीयत...

आज मैं अपनी अस्थियों की वसीयत करने जा रहा हूं....नहीं..नहीं..बिल्कुल किसी प्रकार के भी दबाव में नहीं....बल्कि स्वयं अपनी मर्जी से होशो-हवास में यह सब कुछ कर रहा हूं.....नहीं, नहीं, मेरे सारे परिवार वाले, मेरे बीवी-बच्चों को भी इस में रती भर भी आपत्ति नहीं होगी.....इस का कारण यही है कि उन सभी के विचार मुझ से भी कहीं ज़्यादा क्रांतिकारी किस्म के हैं, प्रगतिशील हैं, रूढ़िपन से कोसों दूर हैं........किसी भी कर्म-कांड से कोसों दूर....इन ढकोंसलों को सिरे से नकारने वाले विचार रखते हैं मेरे घर के सारे बाशिंदे। वैसे पहले तो मेरा विचार था कि अपने पार्थिव शरीर को किसी मैडीकल कॉलेज को दान दे दूंगा.....ताकि कम से कम मैडीकल छात्रों के कुछ तो काम आये.....( वैसा ऐसा मेरे मरहूम नानाससुर ने दो-एक साल पहले किया था, उन के ये भाव जान कर मेरा मन बहुत उद्वेलित हुया था...).....लेकिन आज की अखबार पढ़ कर मुझे लगने लगा है कि यार, इन अस्थियों की तो अभी कुछ लोगों को विशेष ज़रूरत है.......चलिये अब मैं पूरी बात पर आता हूं।

आज हिंदी के तीन अखबारों के पहले पन्नों पर छपी तीन खबरों ने बहुत परेशान किया। एक अखबार के पहले पन्ने पर खबर दिखी कि कुछ बेटों ने किसी तांत्रिक के प्रभाव में आकर अपनी मां की ही बलि दे दी । अब इस के बारे में क्या कहूं.......खबर पूरी पढ़ ही क्या , सुन कर ही बोलती बंद हो जाती है ना !!

दूसरी अखबार के पहले पेज़ पर खबर थी कि महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी, रोहतक द्वारा आयोजित एमडी-एमएस प्रवेश परीक्षा का पेपर एक दिन पूर्व लीक हुआ था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चयनित स्टूडेंट्स को अलग अलग स्थानों पर प्रश्न रटवाए गये थे। अब कुछ छात्र समूह इस की एंक्वायरी की मांग कर रहे हैं..........छोटी मोटी एंक्वायरी ही क्यों, मेरे विचार में तो इस तरह के घोटाले में सीबीआई जांच होनी चाहिये। समझ नहीं आता कि किस तरह के स्पैशलिस्ट तैयार होंगे इस तरह की चयन परीक्षा के द्वारा........जो सीरियस किस्म के छात्र बेचारे कईं कईं साल तैयारी कर के इन कोर्सों में प्रवेश प्राप्त करने के सपने बुनते हैं.........वे तो बेचारे बेवकूफ़ हो गये....और जो लोग अपने कंटैक्ट एवं पैसे के ज़ोर पर इस तरह की प्रवेश-परीक्षा पर ही धावा बोल देते हैं........एक तरह से इन परीक्षाओं को सैबोटॉज कर लेते हैं.......वे अकलमंद हो गये। शायद ही आप इस बात का अंदाज़ा लगा सकें कि इस तरह की धांधली की वजह से किसी भी प्रतिभावान डाक्टर को कितनी घुटन, कुंठा, कितना आक्रोश, कितनी फ्रस्ट्रेशन, कितनी आग लगती होती......मेरे पास तो ये सब लिखने के शब्द भी नहीं हैं.....लेकिन ये बातें लिखने-पढ़ने की बात भी है नहीं.....अनुभव करने की बातें हैं।

तीसरी खबर.....यह भी एक अखबार के पहले पन्ने पर ही थी....इसे देख कर तो मेरा दिमाग 360 डिग्री ही घूम गया.....और मैंने अपने अस्थियों की वसीहत करने का फैसला कर लिया । हुया यूं कि अंबाला में गांव की किसी महिला की अस्थियां जेब में डालकर ले जाने वाले एक दिहाड़ी मज़दूर को ग्रामवासियों ने न केवल मुंह काला करने घुमाया बल्कि गांव से निकाल दिया। हां, हां, अस्थियां तो उस की जेब से निकाल ही लीं। पुलिस को भी फोन भी हो गया , तुरंत पंचायत भी बैठ गई....और उस मज़दूर को गांव-निकाला भी दे दिया और उस से यह भी कह दिया गया कि आज के बाद वह गांव में नज़र नहीं आना चाहिये। लेकिन मजदूर की बात तो सुनिये.....सुन कर आप भी पिघल जायेंगे.....उस ने कहा कि उस को किसी ने कहा था अस्थि बच्चे के गले में डाल दो तो बीमारी नहीं लगती है, इसलिये वह अस्थि ले कर जा रहा था।

तो, क्या आप को इन खबरों से आज के समाज की भयानक तसवीर की एक झलक नहीं दिखी......मुझे तो अच्छी खासी दिखी.....इसीलिये मैंने झट से अपनी अस्थियों की वसीयत कर देने में ही समझदारी समझी। वैसे भी मैं तो यह बिल्कुल नहीं समझता हूं कि इन अस्थियों के द्वारा ही मुझे मुक्ति मिलने वाली है.....नहीं, नहीं, मैं नहीं पड़ना चाहता इस तरह के मिथ्या आडंबरों में.....वैसे भी मुझे मुक्ति नहीं चाहिये.......मैं तो बस यूं ही पाखंडियों के आस-पास मंडराता रहना चाहता हूं.....मर कर भी उन की नींद हराम किये रखना चाहता हूं...........और वैसे भी इस न्यूज़-रिपोर्ट जैसे पता नहीं अभी कितने हज़ारों-लाखों लोग होंगे जिन्हें अब बच्चों के गले में डालने के लिये अस्थियां चाहिये होंगी........चलो, कुछ के तो काम आ ही जायेंगी....और इसी बहाने मुझे अपनी इस हार को मानने का एक अवसर तो मिलेगा कि ये वे महान आत्मायें हैं जिन को मैं अपनी ज़िंदगी के दौरान भ्रमजाल से मुक्त नहीं कर सका, इसलिये ये अब जो भी मेरी अस्थियों के साथ करना चाहें, इन्हें मनमानी कर लेने दो।

वैसे जब मैं ये अस्थियां चुराने वाली खबर पढ़ रहा था तो मेरा ध्यान हमेशा की तरह रोटी फिल्म के उस बेहद सुंदर गीत की तरफ एक बार फिर चला गया..........यार, हमारी बात सुनो, ऐसा इक इंसान चुनो....जिस ने पाप ना किया हो.......जो पापी न हो...........सचमुच आप पूरे मन से वह वाला गीत सुनेंगे तो आप की आंखें भर आयेंगी... दोस्तो, यह रोटी फिल्म भी कमबख्त ऐसी है कि पता नहीं लाइफ में किस घड़ी में देखी है कि ये मेरे लिये कईं अहम् फैसले लेने के लिये भी एक बैंच-मार्क का काम करती हैं......मुझे अकसर रोज़ाना कईं महत्वपूर्ण फैसले करने होते हैं.....तो अकसर मैं अपने इस बैंच-मार्क को ज़रूर कंसल्ट कर लेता हूं.......। धिक्कार है इस समाज पर, इस समाज के ठेकेदारों पर, इन धर्म के सौदागरों पर जिन्होंने एक मजलूम से इंसान को इतनी छोटी सी भूल के लिये इतनी बड़ी सज़ा देकर पता नहीं किस इलाही धर्म का पालन कर डाला। मैं मज़बूर बंदों पर इस तरह से अत्याचार करने की खुल कर, बिल्कुल खुल कर, ओपनी....घोर निंदा करता हूं।.........समाज से और कौन से अपराध नहीं हो रहे....घूसखोरी, भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, जालसाजी, फरेब, बलात्कार, हत्यायें, आतंकवाद की घटनायें......इन का फैसला कभी इतनी तुंरत नहीं ( पता नहीं कब आता है...!!) आया जितना कि इस बेसहारा मज़दूर का आ गय़ा।

बस, अभी आप से क्षमा चाहता हूं....क्योंकि मैं ये तीनों खबरें पढ़ कर बहुत शर्मसार हूं.........मुझे सैटल होने के लिये थोड़ा एकांत चाहिये।

Friday, April 11, 2008

शोक समाचार ..


अश्लील फिल्मों की रोज़ाना खुराक में बाधा बनती दादी का पोते के हाथों खेल खत्म --

इस खबर का शीर्षक पढ़ कर आप भी मेरी तरह कहीं यह तो नहीं ना सोच रहे कि यह अमेरिका या यूरोप की किसी जगह की बात होगी। वैसे तो ऐसी खबर कहीं से भी आये...अफसोसजनक ही है, लेकिन यह बात और भी दुःखदायी इसलिये भी है क्योंकि यह सब कुछ अपने ही यहां के कोल्हापुर में घटा।

अकसर लोग कह तो देते हैं कि मीडिया आज कल बहुत ही ऐसी वैसी खबरें छापता है। लेकिन एक बात यह भी तो है कि मीडिया मनघडंत खबरें भी तो नहीं छाप रहा.....जो आज समाज में घट रहा है, उसी को हमारे सामने पेश करता है। अर्थात् मीडिया तो किसी भी समाज का आइना है।

हुया यूं कि 67वर्षीय शांताबाई पाटिल अपने बड़े बेटे ( जो डाक्टर हैं) के घर रहने के लिये आईं.....इसलिये उस के 21 वर्षीय पोते को अपने दूसरे भाई के साथ रूम शेयर करने को कहा गया। लेकिन दादी के द्वारा उस के कमरे में डेरा जमाये रखने के कारण पोते को बहुत ही ज़्यादा तकलीफ होने लगी.......कैसी तकलीफ़?....उस की तकलीफ़ यह थी कि दादी के कमरे में होने की वजह से वह अपने कमरे में रखे कंप्यूटर पर रोज़ाना अश्लील फिल्में देख नहीं पा रहा था। इसलिये उस ने दादी को खत्म करने की ही प्लानिंग कर डाली और उस के सिर पर पत्थर दे मारा जिस के कारण दादी के उसी समय प्राण पखेरू उड़ गये।

खबर तो पढ़ ली.......लेकिन सोच रहा हूं कि क्या इस वारदात के बाद आज के समाज को कहीं से चुल्लू भर पानी भी मिल पायेगा कि नहीं !!

मेरे पास एक स्क्रैप बुक है जिस में मैं मीडिया में छपी कुछ इस तरह की फोटो/खबरें पेस्ट करता रहता हूं जिन्होंने मुझे हिला दिया। अभी दो दिन पहले ही मैं सोच रहा था कि उस ठीक चार साल पुरानी बासी खबर को निकाल दूं जिस में छपा था कि ऊना(हिमाचल प्रदेश) की एक 75 साल की वृद्ध महिला का गांव के ही 30-35 साल के तीन लड़कों ने सामूहिक बलात्कार कर डाला था। बासी केवल इसलिये कह रहा हूं क्योंकि उस से भी ज़्यादा घृणित ( अपने आप से पूछ रहूं कि क्या ऐसी तुलना करना किसी भी दृष्टि से ठीक है ?...जवाब मिलता है....बिल्कुल गलत है और बेवकूफी है !) काम की खबर तीन-चार दिन पहले यह पढ़ ली कि उत्तरांचल में कहीं पर 80 वर्षीय वृद्धा का बलात्कार हो गया। अभी मैं इस खबर के सदमे से उभरा ही ना था कि आज सुबह सवेरे पोते के हाथों दादी के मारे जाने की खबर पढ़ कर हिल गया हूं।

ऐसा लगने लगा है कि इस तरह की वारदातें जब हों तब तो राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया जाना चाहिये.....क्योंकि इस तरह की खबर ने उस वृद्धा के कत्ल की खबर तो सुना दी लेकिन क्या यह खबर इस के साथ ही साथ यह घोषणा भी नहीं कर रही कि आज की पीढ़ी के मानवीय मूल्य पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं। और जब शोक इतना गहरा हो तो अखबारों को इस जैसी खबर को बड़े-बड़े काले हाशिये के साथ छापना चाहिये।

लेकिन सोच रहा हूं कि उस डाक्टर की परिस्थिति देखिये....बेचारी मां तो गई ही लेकिन बेटा भी शायद कानून की गिरफ्त में ही होगा .....अब रोये तो किस को रोये.....मां को, बेटे को या सारे परिवार के दुर्भाग्य को। रह रह कर ध्यान सारथी ब्लोग में शास्त्री जी की कल की पोस्ट की तरफ ही जा रहा है कि जिस में उन्होंने भावी पीढ़ी को सही संस्कार देने की बात की है और उन के पल्लवित-पुष्पित होने की भी बहुत सुंदर बातें की हैं।

ध्यान तो इस समय पराया देश ब्लोगवाले राज भाटिया जी की तरफ़ भी जा रहा है कि वे भी कितने प्रेरणात्मक प्रसंग हम सब के साथ साझे करते रहते हैं ....अगर इन प्रसंगों को हम लोग रोज़ाना पढ़ें और इन्हें आत्मसात् करने की कोशिश करें तो फिर देखिये कैसे समाज की तस्वीर ही बदल जायेगी।

जो भी हो, मुझे इस खबर का इतना अफसोस है कि मैं ब्यां नहीं कर पा रहा हूं। परमात्मा उस महान आत्मा को स्वर्ग में स्थान दे और मुक्ति प्रदान करे। मेरी और मेरे सारे परिवार की यही श्रद्धांजलि है.....सारे ही इस खबर के बारे में पढ़ कर बहुत दुःखी हैं।

Wednesday, April 9, 2008

एक सौ आठ हैं चैनल, पर दिल बहलते क्यों नहीं !





लिखने वाले ने भी क्या जबरदस्त लिख दिया है !...लेकिन इस बात का ध्यान मुझे बहुत समय बाद कल तब आया जब मेरी पहली कलम चिट्ठाकारी पोस्ट के बारे में एक मित्र ने कहा कि दोस्त, दुनिया तो बहुत आगे निकली जा रही है.....आज कल तो कंप्यूटर, इंटरनेट, ब्लागिंग का दौर है......तब अचानक मुझे मुन्नाभाई लगे रहो से यह मेरा बेहद पसंदीदा डायलाग याद आ गया और सोचा कि इसे कलम के द्वारा ही आप के सामने प्रस्तुत करूंगा.......प्रस्तुत तो ज़रूर कर रहा हूं...लेकिन यह सब मेरे लिये ही है, किसी और की तो मैं जानता नहीं, लेकिन अपने आप से ही इतने सारे सवाल ज़रूर पूछ रहा हूं.........इसलिये फिर से कलम उठाने पर मज़बूर हो गया।


Tuesday, April 8, 2008

कलम चिट्ठाकारी का असली रूप---हिंदी ब्लोगिंग में पहली बार !



आज सुबह से घर में ही बैठा हुया हूं....पता नहीं क्रियएटिव ज्यूस कुछ ज़्यादा बह रहे हैं...पहले तो इस ब्लाग का यह टेंपलेट बनाने के लिये एक स्लेट पर इस का शीर्षक लिखा....लेकिन फिर ध्यान आया कि इंक-ब्लागिंग की तो बात हो गई...तो चलिये आज मूल रूप से कलम चिट्ठाकारी का ध्यान कर के कुछ लिखा जाये। बस, यह तुच्छ सा प्रयास है। अपने उन महान मास्टरों के नाम जिन्होंने ऐसा लिखने की ट्रेनिंग दी....सब कुछ उन्हीं महान आत्माओं की ही देन है, दोस्तो। अपना तो बस यही है कि अब बड़े होने की वजह से दिमाग चलाना आ गया है, और कुछ नहीं, फ्रैंकली स्पीकिंग !!

जब मैं यह एजवेंचर कर रहा था तो मेरा छठी कक्षा में पढ़ रहा बेटा बहुत रोमांचित हो रहा था....उस ने यह रोशनाई, यह दवात, यह कलम आज पहली बार देखी थी। उस ने भी लिखने की थोड़ी ट्राई की तो है। बस, और क्या लिखूं....कुछ खास नहीं है। बस, उन दिनों की तरफ ही ध्यान जा रहा है जब तख्ती के ऊपर तो इस कलम से लिखना ही पड़ता था...और रोज़ाना नोटबुक पर सुलेख का एक पन्ना भी इसी कलम से ही लिखना होता था...लेकिन समस्या तब एक ही लगती थी कि झटपट लिख कर भी निजात कहां मिलती थी.....जब तक सूखे नहीं कापी को बंद भी कहां कर सकते थे।

बच्चों को अकसर कहता हूं कि उन दिनों की हुई मेहनत रूपी फसल के ही फल आज तक चख रहे हैं। वैसे आप का इस कलम चिट्ठाकारी के बारे में क्या ख्याल है, लिखियेगा। अच्छा लगेगा।

अगर सुबह सुबह कुछ इस तरह का सुन लिया जाये............दिन की शुरूआत अच्छी होती है !

अच्छा तो , ब्लॉगर बंधुओ, अपने चिंतन को दो-तीन मिनट विश्राम देकर इन बेहद खूबसूरत पंक्तियों को सुनिये और लौट जाइये तीस साल पहले दिनों की तरफ.....जब छःदिन पहले यह पता चलने पर कि अगले रविवार को टीवी पर गुड्डी फिल्म आ रही है .....यह सब जानना कितना थ्रीलिंग लगता था........लेकिन आज जब ये सब कुछ हम से अदद एक क्लिक की दूरी पर ही है, लेकिन अफसोस अब हम लोगों के पास अपने ही झमेलों से फुर्सत ही नहीं है।

Saturday, April 5, 2008

जब पटना यूनिवर्सिटी में कोई सवाल ऑउट-ऑफ सिलेबस पूछा जाता है !


अरे, यार, यह क्या कर रहे हो !! -- सिलेबस से बाहर सवाल पूछने पर इतना आक्रोश ठीक नहीं लगता। सब्र रखो..क्या पता सब को ग्रेस-मार्क्स ही मिल जायें। लेकिन ऐसा ना हो कि यह तस्वीर देख कर पेपर-सैटर सिलेबस के बाहर से तो क्या सिलेबस के अंदर से भी प्रश्न पूछना भूल जाये। वैसे, एक बात तो बताओ......कहीं हल्लाबोल फिल्म कल ही तो नहीं देखी ?......जोश ही दिखाना है तो कलम से दिखाओ....आ जाओ हिंदी बलागिंग में.......बीएससी के छात्र हो तो क्या है, वह कहावत तो पढ़ी ही होगी.....Pen is mightier than the sword !!

Friday, April 4, 2008

खत के लिये शुक्रिया........इंक ब्लॉगिंग स्टाइल !!



अभी अभी सोचा कि क्यों न पिछली पोस्ट पर टिप्पणीयां करने वाले ब्लागर बंधुओं को एक खत के माध्यम से ही धन्यवाद कह दूं। इसलिये इन बंधुओं के नाम लिखे खत को इस इंक-ब्लागिंग स्टाइल में प्रस्तुत कर रहा हूं।

Thursday, April 3, 2008

हिंदी ब्लोगिंग में अनूठा प्रयोग.......कलम और की -पैड का संगम !


ज़रा आप भी सोचिये कि अगर हिंदी ब्लोगिंग में अगर कुछ इस तरह के प्रयोग होने लगें कि कलम और की-पैड का संगम हो जाये तो कैसा लगेगा ! वैसे एक छोटा सा प्रयत्न तो मैंने आज कर के गेंद को आप के पाले में फैंका है......

Wednesday, April 2, 2008

ये एन.सी.ई.आर.टी एवं राज्य शिक्षा बोर्डों की किताबें !

आप को पता है कि साल के इन दिनों में चांदी कूटने की बारी किस की होती है......साल के इन दिनों में अधिकतर गैर-सरकारी स्कूलों ने अच्छी-खासी लूटमार मचा रखी होती है। वो, हर साल नये नये फंडों के नाम पर पैसा ऐंठने की बात तो है ही, यह अब तो इन स्कूलों ने पाठ्य पुस्तकों के एरिया में भी मुंह मारना शुरू कर दिया है ना....जब पिछले 10-12 वर्षों से यह सब देख रहा हूं तो यही लगने लगा है कि लालच की भी कोई सीमा नहीं होती, बस एक बार इस का खून मुंह में लगने की ही देर होती है !

इस के बारे में मैं इतने स्कूल के प्रशासनों को कह चुका हूं..और मीडिया में इस के बारे में इतना लिख चुका हूं....लेकिन कुछ भी ना तो हुया है और ना ही होगा। सब कुछ यूं ही चलता रहेगा...ऐसा मेरा दृढ़ विश्वास है। अकसर मैं देखता हूं कि जिस दिन छोटी छोटी कक्षाओं की किताबें स्कूल में लेने लोग जाते हैं तो दो-अढ़ाई हज़ार रूपये मां-बाप की जेब से उड़ा लिये जाते हैं। घर आकर जब अकसर टोटल मारा जाता है तो यकीनन यही खुलासा होता है कि इन सब का योग तो इस रकम का आधा ही बनता है।

बात यह नहीं है कि कौन इन स्कूलों के ये नखरे बर्दाश्त कर सकता है और कौन नहीं ! सीधी सी बात यही है कि हम लोगों की इस तरह की छोटी-छोटी समस्यायें ही विकराल रूप धारण ही इसलिये कर लेती हैं क्योंकि हमारी सोच कुछ इस तरह की हो गई है कि यार, छोड़ो क्या फर्क पड़ता है, यह भी कोई रकम है जिस के लिये किसी से बात की जाये !!!..........यही हम लोगों की भूल है....फर्क पड़ता है, बहुत पड़ता है ...बहुत से लोगों को पड़ता है लेकिन उन की कोई आवाज़ ही नहीं है और न ही वे अपनी आवाज़ उठाना चाहते हैं और हम लोग जो अपनी आवाज़ दूसरों तक पहुंचाना जानते हैं, हमारा क्या है..........हमें क्या फर्क पड़ता है !! और खेद की बात तो यही है कि जिन पब्लिशर्ज़ की किताबें इन स्कूलों में लगवा दी जाती हैं कईं बार तो उन का नाम तक भी हम लोगों ने सुना नहीं होता, और कईं बार तो इन में इतनी गलतियां होती हैं कि क्या कहें !

पिछले वर्षों में जब भी मैंने यह बात स्कूल प्रशासनों के साथ उठाई है तो मुझे बेहद ओछे से जवाब मिले हैं.....जैसे कि हां, हां, अगले साल से हम कुछ करेंगे, हम तो टीचर्ज़ की एक कमेटी बना देते हैं जो ये सब किताबें रिक्मैंड करती है, या कईं बार तो मुझे यह कह कर भी समझाने की कोशिश की गई कि ये जो सरकारी किताबें हैं ना ये होती हैं....औसत छात्रों के लिये....चूंकि हमारा लक्ष्य होता है बच्चों के शैक्षिक स्तर को बहुत ज्यादा बढ़ाना, इसलिये हमें ये प्राइवेट किताबें तो लगवानी ही पड़ती हैं। मैं इस से रती भर भी सहमत नहीं हूं.....पहले एनसीईआरटी द्वारा इतनी मेहनत से और इतने कम दाम में उपलब्ध करवाई जाने वाली किताबें तो बच्चे पढ़ लें....बाद में जितनी मरजी ये बच्चे प्राईवेट प्रकाशकों की किताबें पढ़ सकते हैं।

विभिन्न विषयों की किताबे तैयार करवाने के लिये एनसीईआरटी को कितनी मेहनत करनी पड़ती है...यह हम में से अधिकांश लोग जानते नहीं । इतने सारे बुद्धिजीवी इस प्रोसैस में इन्वाल्व होते हैं कि यकीन ही नहीं होता कि एक किताब तैयार करने के लिये इतने सारे सिज़न्ड लोगों को शामिल किया जाता है। मैंने भी एनसीईआरटी के निमंत्रण पर कुछ सप्लीमैंटरी बुक्स की तैयारी के वक्त इस तरह की मीटिंग्स अटैंड की हुई हैं, इसलिये मैं यह सब इतने विश्वास से कह पा रहा हूं।

एक तरफ तो गैर-सरकारी स्कूलों ने किताबों से संबंधित लूट सी मचा रखी है....माफ़ कीजियेगा, मुझे कोई माइल्ड शब्द मिल नहीं रहा, क्या करूं !

ऐसे घुटन भरे माहौल में कल बड़ी मुश्किल से कल की अखबार के रूप में शिक्षा विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से ठंडी हवा का एक झोंका सा आया तो है......कल की अखबार में छपे इस विज्ञापन को आप भी देखिये....लंबा था, इस लिये दो हिस्सों में है............आप देख रहे हैं ना कि सब कुछ कितना पारदर्शी और साफ़-सुथरा लग रहा है...किसी को कोई शक नहीं और न ही संदेह करने का लेश-मात्र भी स्कोप है ! शिक्षा विभाग द्वारा इस साल राजकीय स्कूलों में लागू कक्षा 1 से 10 तक की पाठ्य पुस्तकों की पूरी सूची जारी कर दी है और यहां तक कि पुस्तक विक्रेता इन के दाम पर कितनी छूट देने को बाध्य है, इस का भी सही खुलासा कर दिया गया है। और बुक-विक्रेता के द्वारा उक्त छूट देने से मना करने पर जो फोन नंबर घुमाना है, वह भी तो दे दिया गया है....अब सरकार इस से ज़्यादा और करे भी तो क्या करे!!...कुछ काम पब्लिक का भी तो है ना, दोस्तो !!

मेरे मन में तो बस यही विचार आ रहा है कि सभी राजकीय स्कूलों में तो ठीक है यह लिस्ट लागू हो जायेगी , माडल स्कूलों में भी ये किताबें ही लगवाई जायेंगी, लेकिन जो बच्चे गैर-सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं, वे क्या करें ! …..आखिर इस तरह के आदेशों में गैर-सरकारी स्कूलों (लेकिन सरकार ही से मान्यता प्राप्त) को क्यों छोड़ दिया जाता है ?......शायद इसलिये ताकि वे मनमानी कर सकें। शायद आप भी मेरे इस विचार से सहमत होंगे कि इस तरह के आदेश तो सारे ही स्कूलों के लिये ही लागू होने चाहिये।


Tuesday, April 1, 2008

ऐसा विज्ञापन तो आपने पहले कभी देखा न होगा.......लगी शर्त ?

शिक्षा विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा जारी इस सरकारी विज्ञापन को मैंने आज सुबह अखबार में जब से देखा है तो मैं यही सोच रहा हूं कि यह किसी परीक्षा के परिणाम की सूचना दे रहा है या किसी सुनामी की चेतावनी दे रहा है। जो भी हो, आप भी यह विज्ञापन देखें और यह फील करें कि यह विज्ञापन हमें बहुत कुछ सोचने पर मजबूर भी तो कर रहा है। इतना तनाव और वह भी आठवीं कक्षा के इन बच्चों में !!

लेकिन इस विज्ञापन को देखने के बाद आप प्रशासन की भी चेतनता की दाद दिये बिना कैसे रह पायेंगे! ठीक है, इस तरह की समस्यायें देखी तो जाती हैं....लेकिन अकसर बारहवीं के परिणाम के बाद या कभी कभी दसवीं के परीक्षा परिणामों के बाद भी तो इस तरह की खबरें न्यूज़ में रहती हैं। और हां, उन दिनों एफएम पर इस तरह के प्रोग्राम भी कईं बार सुनाये जाते हैं जिन में कांऊस्लर्ज़ इन छात्रों को परिणामों को फेस करने के टिप्स बताते हैं या तो फिर कईं न्यूज़-पेपरर्ज़ में टीन-एजर्ज़ के जो सप्लीमेंट्स आते हैं उन में इस तरह के विषय कवर होते हैं। लेकिन इस तरह का सरकारी इश्तिहार भई मैंने तो पहली बार ही देखा है।

आठवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित करने से पहले इस तरह की Disaster preparedness देख कर मिक्सड़ फीलिंग्स सी हो रही हैं। बड़े बड़े चिकित्सक तैयार हैं... उन के मोबाइल फोन इश्तिहार में बताये गये हैं।

इस लाइन की तरफ तो ध्यान करिये.....माता-पिता को सलाह दी जाती है कि यदि बच्चा ज्यादा उदास या परेशान लगे तो इन नंबरों पर संपर्क करें बच्चे को अकेला ना छोड़ें, उसका मन लगाएं , भला बुरा कहें..............यह पढ़ कर मेरे मन में तो यही विचार रहा है कि रिजल्ट से पहले ही वह पंजाबी का गीत सीडी में डाल कर तैयार ही रखा जाये....जिस के बोल हैं......खायो पियो ऐश करो मितरो...दिल पर किसे दा दुखायो ना.........और हां, अगर बच्चे के बाप को अच्छा भंगड़ा डालना आता हो और मां को गिद्दा डालना आता है तो ऐसे समय में यह बहुत काम आयेगा क्योंकि प्रशासन भी तो यही कह रहा है कि उदास बच्चे का मन लगायें.......और जब भांगड़ा डालने के बाद सारा परिवार अच्छी तरह हांफ जाये तो किसी फास्ट-फूड रैस्टरां में जाकर चाइनीज़ खाने पर टूट पड़ने के बारे में आप का क्या ख्याल है !!

ओहो, यह क्या भूल हो गई, ....विज्ञापन में बात तो कही गई है कि 31मार्च को आठवीं कक्षा को रिजल्ट आने वाला है लेकिन यह विज्ञापन आज 1 अप्रैल को अखबार में क्या कर रहा है....अगर कल ही किसी के साथ कोई मिसहैपनिंग हो जाती तो !!

खैर, मैं तो फिलहाल यही सोच रहा हूं कि समय बहुत जल्दी बदल रहा है और शायद अगले साल प्रशासन को पांचवी कक्षा के परिणाम से पहले भी ऐसा विज्ञापन देना पड़े। लेकिन ध्यान रहे.....रिजल्ट से पहले, बाद में नहीं !!